पत्नी, प्रेमी और ट्रक ड्राइवर ने रची कारोबारी की हत्या की साजिश, ढाई साल बाद खुला राज

हरियाणा के पानीपत में एक कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने ऐसा खुलासा किया है, जिसने पूरे इलाके को हैरान कर दिया। जिस पत्नी को लोग आदर्श बहू और पत्नी मानते थे, उसी पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस जांच में सामने आया कि पहले ट्रक से कुचलकर हत्या की कोशिश की गई और जब कारोबारी बच गया, तब घर में घुसकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी गई।

मृतक विनोद बराड़ा पानीपत में कंप्यूटर ट्रेनिंग सेंटर चलाते थे। वे गरीब बच्चों को मुफ्त प्रशिक्षण देने और सामाजिक कार्यों के कारण इलाके में काफी सम्मानित माने जाते थे। उनकी पत्नी निधि और परिवार को लोग आदर्श परिवार की तरह देखते थे।

21 अक्टूबर 2021 को विनोद अपने सेंटर के बाहर बैठे थे, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके दोनों पैरों की हड्डियां टूट गईं। गंभीर हालत में उनका लंबा इलाज चला। ट्रक चालक देव उर्फ दीपक ने इसे हादसा बताते हुए कहा कि ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया, लेकिन कुछ समय बाद उसे जमानत मिल गई।

इसी बीच 15 दिसंबर 2021 को विनोद के घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय विनोद कमरे में आराम कर रहे थे, जबकि उनकी पत्नी निधि रसोई में थी। तभी एक युवक पिस्तौल लेकर घर में घुसा और कमरे का दरवाजा बंद कर विनोद पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली की आवाज सुनकर परिवार और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे। आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया। घायल विनोद को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि गोली चलाने वाला वही ट्रक चालक दीपक था, जिसने पहले कथित हादसा किया था। शुरुआत में आरोपी ने कहा कि विनोद केस वापस नहीं ले रहे थे, इसलिए गुस्से में उसने हत्या कर दी। हालांकि विनोद के परिवार को इस कहानी पर शक था।

करीब ढाई साल बाद मामले की जांच में बड़ा मोड़ आया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अजीत सिंह शेखावत की निगरानी में पुलिस ने कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजैक्शन और व्हाट्सएप चैट की जांच की। जांच में सुमित नाम का युवक बार-बार सामने आया। पुलिस ने जब सुमित की जानकारी जुटाई, तो पता चला कि उसका संबंध विनोद की पत्नी निधि से है।

पूछताछ में निधि ने कबूल किया कि उसने 2021 में जिम जॉइन किया था, जहां उसकी मुलाकात ट्रेनर सुमित से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध शुरू हो गया। जब विनोद को इसकी जानकारी मिली तो घर में विवाद होने लगा। इसके बाद निधि और सुमित ने मिलकर विनोद को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक पहले ट्रक से दुर्घटना कराकर हत्या की कोशिश की गई, लेकिन विनोद बच गए। इसके बाद दो महीने बाद दीपक के जरिए घर में घुसकर गोली मारकर हत्या करवा दी गई।

मामले में पुलिस ने निधि, उसके प्रेमी सुमित और ट्रक चालक दीपक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्य और चैट रिकॉर्ड ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!