
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जीपीएम जिले और मध्य प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी और नकबजनी की वारदातों का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक अंतरराज्यीय शातिर चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 38 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी, एक स्कॉर्पियो वाहन, दो मोटरसाइकिल, महंगे मोबाइल फोन तथा चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में परमेश्वर गोस्वामी, सूरज गोस्वामी, सुमित गोस्वामी, प्रणय पाण्डेय, विशाल जादव (सभी निवासी पेण्ड्रा) तथा शरद काटकर (निवासी गौरेला) शामिल हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने मरवाही, पेण्ड्रा, कोटमी, सिवनी तथा मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के जैतहरी क्षेत्र में चोरी की सात बड़ी वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। इनमें सकोला, दानीकुंडी, सेखवा, अड़भार, खूंटाटोला और निमधा सहित विभिन्न स्थानों पर हुई चोरियां शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 38 तोला सोना एवं स्वर्ण आभूषण, 1.5 किलो चांदी, चोरी की रकम से खरीदी गई स्कॉर्पियो (सीजी 22 एसी 2327), दो बाइक, एप्पल कंपनी के महंगे मोबाइल फोन तथा चोरी में प्रयुक्त कटर मशीन, जैक रॉड और हथौड़ी जब्त की है।
आरोपियों के खिलाफ थाना मरवाही में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई में स्थानीय पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
