सूने मकान से मोबाइल, टैबलेट और स्पीकर चोरी, पीड़ित पक्ष लगा रहा थाने के चक्कर

शशि मिश्रा

बिलासपुर। टिकरापारा स्थित मनु चौक नटराज होटल के पास दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोर एक मकान से मोबाइल, टैबलेट और स्पीकर बॉक्स चोरी कर फरार हो गए। घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और वे लगातार थाने के चक्कर काट रहे हैं।

जानकारी के अनुसार काजल कुर्रे अपने घर में सोई हुई थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुसे और मोबाइल फोन, टैबलेट तथा स्पीकर बॉक्स चोरी कर चुपचाप निकल गए। जब पीड़िता की नींद खुली और उन्होंने अपना मोबाइल तलाशना शुरू किया, तब सामान गायब मिला। इसके बाद उन्हें चोरी होने का अंदेशा हुआ।

घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। फुटेज में एक महिला और एक पुरुष संदिग्ध रूप से पीड़िता के घर के पास आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है।

पीड़ित परिवार ने मामले की शिकायत सिटी कोतवाली थाने में की है। उनका कहना है कि सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के बावजूद अब तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच की जा रही है और फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!