मंगेतर के सामने डांटने से नाराज युवक ने सरिया कारोबारी पर किया चाकू से हमला

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मंगेतर के सामने डांटने से नाराज युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर सरिया कारोबारी पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार कवर्धा स्थित 17वीं बटालियन में पदस्थ डीएसपी बद्रीनाथ मिश्रा के रिश्तेदार गुड्डू मिश्रा बन्नाक चौक में सरस्वती स्टील नामक दुकान संचालित करते हैं। उन्होंने अपने यहां काम करने वाले कर्मचारी को रहने के लिए परिसर में एक कमरा दिया था। रविवार को कर्मचारी अपनी पत्नी के साथ बाजार गया था और जाने से पहले कमरे की चाबी अपने दोस्त डीपूपारा निवासी घनश्याम धनकर को दे गया।

चाबी मिलने के बाद घनश्याम अपनी मंगेतर को लेकर कमरे में पहुंचा। इसकी जानकारी मिलने पर गुड्डू मिश्रा वहां पहुंचे और युवक को युवती के साथ देखकर आपत्ति जताई। उन्होंने युवक को फटकार लगाते हुए परिसर में इस तरह की गतिविधियां नहीं करने की चेतावनी दी। इसके बाद युवक वहां से चला गया।

कुछ देर बाद आरोपी अपने साथियों के साथ धारदार चाकू लेकर सरस्वती स्टील पहुंचा। आरोपियों ने बाहर से आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाया। जैसे ही गुड्डू मिश्रा ने दरवाजा खोला, आरोपियों ने उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनकी जांघ और घुटने के ऊपर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। रात में पुलिस ने संदेह के आधार पर एक नाबालिग समेत तीन युवकों को हिरासत में लिया। वहीं मुख्य आरोपी घनश्याम धनकर और उसके अन्य साथी अब भी फरार बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि आरोपियों को कोर्ट से जमानत मिल गई है। थाना प्रभारी अभय सिंह बैस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!