
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट प्रशासन ने राज्य की उच्च न्यायिक सेवा के कई अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापनाओं के आदेश जारी किए हैं। रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी स्थानांतरित अधिकारियों को 9 जुलाई 2026 तक अनिवार्य रूप से नए पद पर कार्यभार ग्रहण करना होगा।
जारी आदेश के तहत बलौदाबाजार के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल जाहिद कुरैशी को बिलासपुर स्थित हाई कोर्ट में रजिस्ट्रार (विजिलेंस) नियुक्त किया गया है। उन्हें रजिस्ट्रार (आई एंड ई) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, ओम प्रकाश जायसवाल को रजिस्ट्रार (न्यायिक) तथा रूपनारायण पठारे को हाई कोर्ट लीगल सर्विसेज कमेटी का सचिव बनाया गया है।
न्यायिक अकादमी के एडिशनल डायरेक्टर अमित कुमार कोहली का तबादला कर उन्हें रामानुजगंज में द्वितीय जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं, बलौदाबाजार के प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार वर्मा को छत्तीसगढ़ राज्य न्यायिक अकादमी का एडिशनल डायरेक्टर बनाया गया है।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। सूरजपुर की प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनीता वार्नर को बलौदाबाजार का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है, जबकि दुर्ग परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश थॉमस एक्का को सूरजपुर का प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है।
हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार (न्यायिक) सुमित कपूर का तबादला जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, रायपुर के पद पर किया गया है। अजय सिंह राजपूत को जगदलपुर स्थित एनआईए विशेष न्यायालय का विशेष न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। वहीं, जगदलपुर एनआईए कोर्ट की विशेष न्यायाधीश संगीत नवीन तिवारी को प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, बलौदाबाजार बनाया गया है।
इसके अलावा चार अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीशों के भी तबादले किए गए हैं। सिद्धार्थ अग्रवाल को प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, जगदलपुर, किरण कुमार जांगड़े को प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, बलरामपुर-रामानुजगंज, विनय कुमार प्रधान को जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट), रायपुर तथा डमरूधर चौहान को दसवें जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, रायपुर के पद पर पदस्थ किया गया है।
