
बिलासपुर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ठगी के तीन मामले सामने आए हैं। शेयर मार्केट में मुनाफे, जमीन की रजिस्ट्री और रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपियों ने तीन पीड़ितों से 43 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी की है। पीड़ितों की शिकायत पर सिटी कोतवाली और सरकंडा पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में दयालबंद निवासी कारोबारी एवं आनंद कन्फेक्शनरी के संचालक संतोष भोजवानी और उनके परिचित प्रतीक कौशिक से शेयर मार्केट में कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 35 लाख रुपए की ठगी की गई। शिकायत के अनुसार, संतोष के बेटे अर्जुन के दोस्त आयुष सिंह बघेल ने अपने मामा शशिकांत सिंह को शेयर मार्केट का जानकार बताकर दोनों का परिचय कराया। शुरुआत में कम राशि निवेश कराकर आरोपियों ने मुनाफे सहित रकम लौटाई, जिससे भरोसा बन गया। इसके बाद प्रतीक ने 15 लाख और संतोष भोजवानी ने 20 लाख रुपए निवेश कर दिए। एक वर्ष बीतने के बाद भी रकम वापस नहीं मिली। दबाव बनाने पर आरोपियों ने 9 लाख रुपए का चेक दिया, जो खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण बाउंस हो गया। सिटी कोतवाली पुलिस ने अंबिकापुर निवासी शशिकांत सिंह और आयुष सिंह बघेल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरे मामले में सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका निवासी सेवानिवृत्त कर्मचारी शंभुनाथ मिश्रा से जमीन की रजिस्ट्री कराने का झांसा देकर 5 लाख रुपए की ठगी की गई। शंभुनाथ ने बताया कि उन्होंने जमीन बिक्री के एक विज्ञापन के आधार पर संपर्क किया था। इसके बाद बसंत विहार स्थित एक कार्यालय में उनकी मुलाकात मुकेश सिंह से हुई। आरोपी ने चिल्हाटी रोड के पास 1200 वर्गफुट का प्लॉट दिखाकर पहले 21 हजार रुपए एडवांस लिए और बाद में पीएफ से लोन लेकर 4.79 लाख रुपए अपने खाते में जमा करा लिए। पूरी रकम मिलने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं कराई गई और पैसे लौटाने से भी इनकार कर दिया गया। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीसरे मामले में सरकंडा क्षेत्र के चिंगराजपारा निवासी विष्णु नारायण महतो से रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर 3.14 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई। शिकायत के अनुसार, आरोपी राहुल मिश्रा उर्फ राहुल भारद्वाज ने खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का वरिष्ठ अधिकारी बताकर रेलवे में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। पीड़ित ने पहले 84 हजार रुपए नकद दिए, जबकि शेष राशि आरोपी की पत्नी पदमा जनार्दन के बैंक खाते में ऑनलाइन और अन्य माध्यमों से जमा कराई। बाद में न तो नौकरी मिली और न ही रकम वापस की गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी नौकरी और नगर निगम की दुकान दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की ठगी की है। पुलिस ने राहुल मिश्रा उर्फ राहुल भारद्वाज और पदमा जनार्दन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
