
यूनुस मेमन

बिलासपुर।
वन विभाग के एक क्षेत्र रक्षक के साथ शासकीय कर्तव्य के दौरान मारपीट और बाधा डालने का मामला सामने आया है। प्रार्थी कृपानंद जांगड़े (34 वर्ष), जो वन क्षेत्र रक्षक के पद पर पदस्थ है, वन परियोजना परिक्षेत्र भैंसाझार में गश्त पर था। इसी दौरान रास्ते में खड़ी एक कार से मार्ग अवरुद्ध कर शराब पी रहे चार अज्ञात व्यक्तियों ने उसके साथ मारपीट की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गश्त के दौरान कृपानंद जांगड़े ने बीच रास्ते में खड़ी कार हटाने को कहा, जिस पर शराब के नशे में धुत आरोपियों ने “बहुत बड़ा पुलिस बनता है” कहते हुए शासकीय कार्य में बाधा डाली और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया। मारपीट में वन क्षेत्र रक्षक को चोटें आई हैं। सभी आरोपी नशे की हालत में बताए जा रहे हैं।
अपराध दर्ज, दो आरोपी हिरासत में
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना रतनपुर में अपराध क्रमांक 86/26 के तहत धारा 296, 126(2), 121(1), 132, 351(2), 3, 5 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट मिलते ही रतनपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान—
बीरबल यादव पिता लक्ष्मण यादव (37 वर्ष) निवासी मौहारखार, थाना कोटा
राजा यादव पिता रामरतन यादव (27 वर्ष) निवासी ग्राम दूरपा, थाना बाराद्वार, जिला जांजगीर-चांपा
के रूप में हुई है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य दो आरोपियों की पतासाजी की जा रही है और उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की विवेचना जारी है।
