

बिलासपुर।
अवैध नशे के कारोबार और अवैध हथियारों की सप्लाई में लिप्त अंतर्राज्य गिरोह के खिलाफ बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टेबलेट, ऑटोमेटिक पिस्टल, कारतूस और मैग्जीन जप्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर के निर्देश पर अवैध नशा और हथियार नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सिविल लाईन, थाना तारबाहर और लाइन बल की संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया था।
मिनीबस्ती में रेड, हथियार और नशा बरामद
विशेष टीम ने मिनीबस्ती जरहाभाठा क्षेत्र में रेड और सघन चेकिंग के दौरान स्वराज कुर्रे (20 वर्ष) निवासी मिनीबस्ती को पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से करीब 1100 नग प्रतिबंधित नशीली टेबलेट नाइट्राजेपाम, एक ऑटोमेटिक पिस्टल, दो मैग्जीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही एक धारदार लोहे का चाकू और जुपीटर स्कूटी भी जप्त की गई।

आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
भोपाल से हथियार सप्लायर की गिरफ्तारी
पूछताछ में स्वराज कुर्रे ने खुलासा किया कि उसे अवैध हथियारों की सप्लाई भोपाल निवासी धीरेन्द्र सिंह तोमर (37 वर्ष) द्वारा की जाती थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि धीरेन्द्र तोमर पूर्व में भी बिलासपुर में पिस्टल सप्लाई के मामलों में संलिप्त रहा है और लंबे समय से फरार था।

जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक अन्य विशेष टीम भोपाल रवाना की गई, जहां स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी को एक पिस्टल और दो मैग्जीन के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरोह की संपत्तियों पर भी होगी कार्रवाई
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है। हथियार सप्लायर धीरेन्द्र तोमर को पुलिस रिमांड पर लेकर उससे गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान भी कर ली है, जिन पर शीघ्र ही जब्ती की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में नशा और हथियार तस्करी के पूरे नेटवर्क पर एंड-टू-एंड कार्रवाई की जा रही है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां संभव हैं।

