

बिलासपुर।
अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे चेतना विरुद्ध नशा अभियान के तहत सीपत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सीपत बाजार पारा में रेड कर भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब जप्त की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में थाना सीपत पुलिस को 5 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाजार पारा क्षेत्र में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बनाई और बेची जा रही है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर मौके पर रेड की गई।
रेड के दौरान आरोपी बिजय वर्मा (22 वर्ष) निवासी ग्राम सीपत बाजार पारा को अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 36 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 10 हजार 800 रुपये बताई जा रही है, जप्त की। इसके अलावा शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे बड़े एलुमिनियम के डेचके, स्टील का कोपरा और पाइप लगे उपकरण भी जप्त किए गए।
आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(च) एवं 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और बाद में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
