
यूनुस मेमन

रतनपुर। शासकीय नवीन कन्या पूर्व माध्यमिक शाला एवं प्राथमिक शाला, बड़ी बाजार रतनपुर में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर शाला प्रवेशोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश वितरित किए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद मनोज पाटले ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताते हुए नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे सशक्त माध्यम है और प्रत्येक विद्यार्थी को इसका पूरा लाभ उठाना चाहिए।

सेवानिवृत्त शिक्षक राजकुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन और लगन सबसे बड़ी पूंजी होती है। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर स्कुल की शिक्षिकाओं ने सुरेखा कौशिक, संध्या दुबे एवं तंबोली मैडम ने शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में नए शैक्षणिक सत्र को लेकर उत्साह का माहौल देखने को मिला।
