
बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने अपहरण कर फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को भेलवापारा कलमीटार निवासी युवक ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि वह घर के आंगन में मौजूद था, तभी रतनपुर निवासी इशांत सारथी, सोम उर्फ रोशन निर्मलकर (रजक), निखिल रजक उर्फ एलियन तथा उनके साथियों ने चाकू की नोक पर उसका अपहरण कर जबरन मोटरसाइकिल से कोरबाभांवर जंगल ले गए।
आरोप है कि जंगल में आरोपियों ने गांजा फैलाकर पीड़ित की फोटो खींची और फिर उसके परिजनों को फोन कर यह कहलवाया कि वह पाली थाना में गांजा के मामले में पकड़ा गया है तथा पुलिस उसे छोड़ने के लिए 50 हजार रुपये मांग रही है। आरोपियों ने परिजनों से 50 हजार रुपये लेकर आने के लिए कहा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने पहले ही आरोपी निखिल रजक उर्फ एलियन और इशांत सारथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी सोम उर्फ रोशन निर्मलकर (20 वर्ष), पिता रामेश्वर निर्मलकर, निवासी महामायापारा, रतनपुर की लगातार तलाश की जा रही थी।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर आया हुआ है। इसके बाद रतनपुर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ तथा आरक्षक आकाश डोंगरे की विशेष भूमिका रही।
