
यूनुस मेमन

बिलासपुर, 1 जुलाई। रतनपुर पुलिस ने अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 70 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 14 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में 1 जुलाई को अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान गांधीनगर रतनपुर निवासी विजय धीवर उर्फ लटी (26) के कब्जे से 7 लीटर, जोगीअमराई निवासी सुधवरिया पवेल उर्फ रिया (28) के घर के पीछे बाड़ी से 48 लीटर तथा केदार सिंह पाव (45) के घर के आंगन से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। कुल 70 लीटर शराब जब्त कर तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, कौशलराम खुंटे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल सिंह, देवकी रावटे, आरक्षक पवन ठाकुर, धनराज कुम्भकार, आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर और मनीष जायसवाल की विशेष भूमिका रही।
