चोर पे मोर, बॉयफ्रेंड के कहने पर युवती ने ज्वेलरी शोरूम से उड़ाए 1.66 करोड़ के गहने, बाद में प्रेमी ही उन्हें लेकर हो गया फरार

अहमदाबाद में एक ज्वेलरी शोरूम में काम करने वाली महिला कर्मचारी द्वारा करोड़ों रुपए के सोने के गहने चोरी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि महिला ने यह चोरी अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड के कहने पर की थी, लेकिन बाद में वही प्रेमी उसे धोखा देकर अधिकांश गहने लेकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार हर्षिदा शेट्टी अहमदाबाद स्थित एक ज्वेलरी शोरूम में काम करती थी। 11 मई की दोपहर रोज की तरह शोरूम मालिक दर्शन भाई खाना खाने घर गए थे। इसी दौरान हर्षिदा ने मौके का फायदा उठाकर शोरूम में रखे करीब 1.66 करोड़ रुपए मूल्य के सोने के गहने चोरी कर लिए।

बताया गया कि चोरी करने के बाद हर्षिदा ने शोरूम स्टाफ से कहा कि उसे किसी जरूरी काम से घर जाना है और मालिक से छुट्टी की बात हो चुकी है। इसके बाद वह चोरी के गहनों के साथ वहां से निकल गई।

कुछ देर बाद जब मालिक वापस शोरूम पहुंचे तो उन्होंने कई गहने गायब पाए। सभी कर्मचारियों को बुलाया गया, लेकिन हर्षिदा वहां मौजूद नहीं थी। स्टाफ ने बताया कि वह छुट्टी लेकर घर गई है। इस पर मालिक को शक हुआ और तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।

फुटेज में हर्षिदा शोरूम के गहनों को अपने यूनिफॉर्म में छिपाती दिखाई दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और मामले की जांच शुरू हुई।

जांच के दौरान पुलिस ने हर्षिदा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने यह पूरी चोरी अपने शादीशुदा बॉयफ्रेंड के कहने पर की थी। वह उससे शादी करना चाहती थी और दोनों साथ रहने की योजना बना रहे थे।

पुलिस के मुताबिक चोरी के बाद दोनों अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहे थे। इसी दौरान एक दिन जब हर्षिदा नहाने गई हुई थी, तब उसका बॉयफ्रेंड चोरी के अधिकांश गहने लेकर फरार हो गया। हर्षिदा के पास केवल करीब 18 लाख रुपए के गहने बचे, जो उसके पर्स में रखे हुए थे।

बाद में जब हर्षिदा इन गहनों को बेचने पहुंची तो पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में सामने आया कि हर्षिदा तलाकशुदा है और उसे उम्मीद थी कि उसका प्रेमी अपनी पत्नी को छोड़कर उससे शादी करेगा। इसी भरोसे में उसने करोड़ों की चोरी जैसी वारदात को अंजाम दिया।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है और चोरी हुए बाकी गहनों की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। मामले ने प्रेम संबंधों में विश्वासघात और लालच के खतरनाक परिणामों को लेकर भी चर्चा छेड़ दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!