
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के चांटीडीह स्थित गायत्री मंदिर के पास शनिवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक, कार और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि बाइक सवार भी सड़क पर गिरकर घायल हो गया। दुर्घटना के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रही बोलेरो ने पहले बाइक को टक्कर मारी। इसके बाद कार और स्कूटी भी उसकी चपेट में आ गई। टक्कर के दौरान स्कूटी सवार युवती बोलेरो के साथ कुछ दूरी तक घिसटती चली गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल युवती को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दो पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन जब्त कर लिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
