
बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम रैलहा भट्ठा में चरित्र शंका के चलते पत्नी को पेट्रोल डालकर आग लगाने के मामले में घायल महिला की 12 दिन बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी है। घटना के बाद से फरार आरोपी पति की तलाश की जा रही है।
पचपेड़ी थाना प्रभारी कमला पुसाम ने बताया कि घटना 22 जून की रात करीब 2:30 बजे की है। आरोपी जनीराम यादव अपनी पत्नी मोंगरा बाई और बच्चों के साथ घर पर था। आरोप है कि उसने पहले बच्चों के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद किया, फिर आंगन में सो रही पत्नी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
आग की लपटों में घिरी मोंगरा बाई ने किसी तरह आंगन में पड़ी रेत पर लोटकर आग बुझाई। गंभीर रूप से झुलसने के बावजूद उन्होंने बच्चों के कमरे की सिटकनी खोलकर उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। वहां उनकी हालत गंभीर बनी रही और शुक्रवार रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी जनीराम यादव लंबे समय से अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। घटना के बाद पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने पहले मामला दर्ज किया था। अब महिला की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धारा जोड़कर मर्ग कायम किया गया है तथा शव का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और उसकी तलाश जारी है।
