

बिलासपुर। रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के चलते 10 जुलाई से बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होगी। गेट नंबर-4 के सामने का मुख्य मार्ग बंद किए जाने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर-2, 3, 4 और 5 से यात्रा करने वाले अधिकांश यात्रियों को अब गेट नंबर-1 या वीआईपी गेट (गेट-2) से प्रवेश करना होगा। इससे खासकर भारी सामान लेकर यात्रा करने वाले, बुजुर्ग, दिव्यांग और महिलाओं की परेशानी बढ़ने की आशंका है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के तहत पहले ही गेट नंबर-3 बंद किया जा चुका है। अब गेट नंबर-4 के सामने का रास्ता भी बंद किया जा रहा है। हालांकि गेट-4 पूरी तरह बंद नहीं होगा, बल्कि वहां पहुंचने के लिए यात्रियों को बुधवारी बाजार की ओर बनाए गए वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा। इससे स्टेशन तक पहुंचने और बाहर निकलने में अतिरिक्त समय लगेगा।

प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में होगी ज्यादा मशक्कत
गेट नंबर-1 और वीआईपी गेट से प्रवेश करने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म नंबर-2, 3, 4 और 5 तक पहुंचने के लिए नागपुर एंड स्थित फुटओवर ब्रिज की सीढ़ियां चढ़नी होंगी। यदि ट्रेन का कोच हावड़ा एंड की ओर होगा तो यात्रियों को पहले सीढ़ियां उतरकर पूरा प्लेटफॉर्म पार करना पड़ेगा। वर्तमान में गेट नंबर-4 पर एक्सलेटर और लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध है, जबकि गेट नंबर-1 से प्लेटफॉर्म 2 और 3 तक सीधे रैंप की सुविधा नहीं होने से परेशानी और बढ़ सकती है।
ऑटो और पार्किंग तक पहुंचना भी होगा मुश्किल
ट्रेन से उतरने वाले यात्रियों को भी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी। हावड़ा एंड की ओर रैंप से गेट नंबर-4 तक पहुंचने के बाद बाहर निकलने के लिए बुधवारी बाजार होकर जाना होगा, जहां से ऑटो-रिक्शा उपलब्ध होंगे। इससे यात्रियों को अधिक दूरी तय करनी पड़ेगी और किराया भी बढ़ सकता है। गेट नंबर-4 के पास पार्किंग व्यवस्था प्रभावित होने से निजी वाहन से आने वाले लोगों को भी असुविधा होगी।
इन यात्रियों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर
- प्लेटफॉर्म नंबर-2, 3, 4 और 5 से यात्रा करने वाले अधिकांश यात्रियों पर प्रभाव।
- बुजुर्ग, दिव्यांग, महिलाएं और भारी सामान लेकर यात्रा करने वालों को अधिक परेशानी।
- ऑटो और निजी वाहनों तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी।
- बुधवारी बाजार की ओर बनाए गए डायवर्ट मार्ग का उपयोग करना पड़ेगा।
रेलवे का दावा—परेशानी कम करने का प्रयास
बिलासपुर मंडल के सीनियर डीसीएम अनुराग कुमौर सिंह ने बताया कि गेट नंबर-4 पूरी तरह बंद नहीं किया जा रहा है। केवल वहां तक पहुंचने का मार्ग बदला गया है और यात्रियों की सुविधा के लिए डायवर्जन संबंधी संकेतक लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं तथा गेट नंबर-1 पर उपलब्ध लिफ्ट का उपयोग कर यात्री प्लेटफॉर्म तक पहुंच सकते हैं।
