बच्चे की जान बचाकर खुद डूब गया युवक, चचई डैम में हादसे से मचा हड़कंप

यूनुस मेमन

बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र स्थित लछनपुर के चचई डैम में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। पिकनिक मनाने गए युवकों के साथ नहा रहा एक बच्चा डैम के गहरे पानी में डूबने लगा। बच्चे को बचाने के लिए 20 वर्षीय युवक धीरज रात्रे ने बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में छलांग लगा दी। धीरज ने बच्चे की जान तो बचा ली, लेकिन खुद गहरे पानी में डूब गया।

जानकारी के अनुसार, जरहाभाठा मंदिर चौक क्षेत्र से करीब 10 से 15 युवक पिकनिक मनाने चचई डैम पहुंचे थे। इस दौरान कुछ युवक डैम में नहा रहे थे। तभी एक बच्चा अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। बच्चे को बचाने के लिए जरहाभाठा जतिया तालाब निवासी धीरज रात्रे (20) तुरंत पानी में कूद गया।

बताया जा रहा है कि धीरज ने किसी तरह बच्चे को अपनी पीठ पर लादकर सुरक्षित बाहर निकाल दिया, लेकिन तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण वह खुद बाहर नहीं निकल सका। देखते ही देखते धीरज पानी में समा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथियों ने तत्काल कोटा एवं रतनपुर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद धीरज का शव पानी से बाहर निकाला गया।

घटना के बाद धीरज के परिवार और दोस्तों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं जिस बच्चे की जान बचाई गई, वह पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!