पीएम पोर्टल में शिकायत के बाद सक्रिय हुआ पुलिस प्रशासन, ठगी मामले में 48 घंटे में मांगी रिपोर्ट

बिलासपुर। बिलासपुर, कोटा और पेंड्रा क्षेत्र के दर्जनों किराना व्यापारियों से कथित तौर पर करोड़ों रुपए की ठगी के मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय के पीजी पोर्टल में शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। एसएसपी कार्यालय ने मामले की जांच कर 48 घंटे के भीतर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए हैं।

जानकारी के अनुसार, व्यापारियों ने आरोप लगाया है कि संतोष गुप्ता और उसके सहयोगियों ने कम कीमत पर किराना सामान उपलब्ध कराने का झांसा देकर उनसे बड़ी रकम जमा करवाई। आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो सामान उपलब्ध कराया गया और न ही व्यापारियों की राशि लौटाई गई। पीड़ितों ने आरोपियों के फरार होने की भी शिकायत की है।

मामले में फणींद्र तिवारी, गुलाब पटेल सहित कई व्यापारियों के नाम सामने आए हैं। पीड़ितों की ओर से विवेक साहू ने प्रधानमंत्री कार्यालय की वेबसाइट के पीजी पोर्टल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया है कि मामले की जानकारी पहले थाना, एसपी कार्यालय, बिलासागुड़ी समेत अन्य संबंधित कार्यालयों को भी दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पीएम पोर्टल में शिकायत पहुंचने के बाद एसएसपी कार्यालय ने सीएसपी सिविल लाइन को मामले की सूक्ष्म जांच करने और वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जारी पत्र में संबंधित दस्तावेजों के साथ 48 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।

मामले में अब पुलिस जांच तेज होने के बाद पीड़ित व्यापारियों को कार्रवाई की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!