

बारिश का मौसम आते ही सर्पदंश के मामले सामने आने लगे हैं। ताजा मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंवार से सामने आया है , जहां करैत सांप के डसने से एक 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई। 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला राजिम बाई लोनिया बुधवार देर रात 2:00 बजे के करीब घर के आंगन में स्थित वॉशरूम में लघु शंका के लिए जा रही थी। इसी दौरान दरवाजे के सामने बैठा जहरीला करैत सांप सामने नजर आया। महिला उसे देखकर डर गई लेकिन पीछे हटने की कोशिश में घबराकर वह गिर पड़ी। इसी दौरान सांप ने उसके हाथ में डस लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल बिल्हा अस्पताल लेकर पहुंचे जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स रेफर कर दिया गया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सिम्स में इलाज के दौरान गुरुवार को महिला की मौत हो गई।
जशपुर को भले ही नागलोक कहा जाता है लेकिन बिलासपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर वर्ष बरसात के मौसम में जहरीले सांपों के काटने से लोग मारे जाते हैं। बारिश में हर तरफ गीला होने से सांप सुखे स्थान की तलाश में घरों में घुस आते हैं और रात के समय गलती से उनसे सामना हो जाने पर वे काट लेते हैं। ऐसे में झाड़ फूंक या घरेलू उपचार की बजाय मरीज को तत्काल निकट के अस्पताल ले जाना चाहिए। इस मामले में राजीम बाई के परिजन उसे अस्पताल ले भी गए थे लेकिन फिर भी उसकी जान चली गई।
