गतोरी के फार्म हाउस में जुए पर पुलिस की बड़ी रेड, फार्म मालिक समेत 8 गिरफ्तार

बिलासपुर। कोनी थाना क्षेत्र के ग्राम गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फार्म हाउस संचालक समेत 8 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई सीएसपी सिविल लाइन और एसडीओपी कोटा के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने मौके से नगदी, मोबाइल और चार पहिया वाहन जब्त किए हैं।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गतोरी स्थित वृंदावन ग्रीन फार्म हाउस में बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने देर रात दबिश दी। छापेमारी के दौरान कई लोग जुआ खेलते पकड़े गए। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर कोनी थाने में गैर जमानती धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

गिरफ्तार आरोपियों में रोशन सिंह (38) निवासी ओम नगर सिविल लाइन, मुन्ना गोयल निवासी राजीव गांधी चौक, विकास सिंह निवासी दीनदयाल कॉलोनी मंगला, फार्म मालिक मनीष शर्मा (42) निवासी विद्यानगर तारबहार, नीरज शर्मा (42) निवासी विद्यानगर, दीपक अग्रवाल (37) निवासी रामा लाइफ सिटी सकरी, चंद्रकिशन अग्रवाल निवासी तखतपुर तथा मयंक सोनकर (20) निवासी नया बस स्टैंड तिफरा शामिल हैं।

पुलिस ने मौके से 3 लाख 80 हजार रुपये नकद, 11 मोबाइल फोन और 5 चार पहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।

कोनी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!