

यूनुस मेमन, रतनपुर।
रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढ़वट में मंगलवार रात शादी समारोह के दौरान डीजे में डांस और पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बारात में आए एक युवक ने चाकू से हमला कर एक ग्रामीण को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गढ़वट निवासी रामकुमार धीवर की बेटी की शादी में जांजगीर जिले के बनारी गांव से बारात आई थी। रात करीब साढ़े 11 बजे अमराई पारा चौक के पास डीजे बजाकर बाराती नाच रहे थे। इस दौरान कुछ घराती भी उनके साथ शामिल हो गए और पटाखे फोड़ने लगे। बताया जा रहा है कि स्काई शॉट पटाखे का बॉक्स हाथ में उठाकर फोड़ा जा रहा था, जिसकी चिंगारियां आसपास खड़े लोगों पर गिर रही थीं।
इसी बात को लेकर त्रिलोक धीवर ने आपत्ति जताई। आरोप है कि इसके बाद कहासुनी बढ़ गई और गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान बारात में शामिल एक युवक ने कमर में रखा चाकू निकालकर त्रिलोक धीवर के दाहिने हाथ और पेट पर वार कर दिया तथा जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक त्रिलोक गंभीर रूप से घायल हो चुका था। उसे तत्काल निजी वाहन से सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बारातियों को घेर लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि ग्रामीणों ने बारातियों को कुछ समय के लिए बंधक बना लिया और उनकी चार से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़ की।
बुधवार शाम दूल्हे के चाचा के बेटे ग्राम भरारी (रतनपुर) निवासी पुष्पेंद्र धीवर ने थाने पहुंचकर चाकू चलाने की बात स्वीकार करते हुए सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसके साथ एक अन्य युवक बंटी धीवर को भी थाने में बैठाया है। डीजे वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
मौके पर मौजूद ग्रामीण बृज साहू ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई थी, लेकिन पुलिस करीब आधे घंटे बाद पहुंची। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को शांत कराया।
फिलहाल रतनपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दोनों पक्षों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
