ऊंची सीसी रोड बनी मुसीबत, तारबाहर चौक पर बह रहा नाली का गंदा पानी, योजना में शामिल नहीं था 30 मीटर का निर्माण, राहगीरों को हो रही परेशानी


बिलासपुर।
तारबाहर चौक के पास पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई गई 30 मीटर लंबी कंक्रीट (सीसी) सड़क अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। सड़क का स्तर पहले से बनी डामर सड़क की तुलना में 6 से 8 इंच ऊंचा कर दिया गया है, जिसके चलते नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सीधे सड़क पर बह रहा है। सूखे मौसम में भी चौक पर जलभराव जैसी स्थिति बनी हुई है और राहगीरों को गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार गांधी चौक से तारबाहर चौक तक सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर निर्माण और स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य कराया गया था। इससे यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ और जाम की समस्या काफी हद तक कम हुई। लेकिन सड़क के अंतिम हिस्से में, तारबाहर चौक स्थित एक रेस्टोरेंट के सामने, डामर की जगह करीब 30 मीटर लंबी सीसी सड़क बना दी गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह निर्माण मूल योजना में शामिल नहीं था। निर्माण के दौरान ही सड़क की ऊंचाई को लेकर सवाल उठाए गए थे, तब पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने तर्क दिया था कि इस स्थान पर जलभराव की समस्या को देखते हुए कंक्रीट सड़क बनाई जा रही है।
हालांकि, यह प्रयोग उल्टा पड़ गया। सड़क का स्तर ऊंचा होने के कारण नालियों का पानी नीचे ही रह गया और अब वह ओवरफ्लो होकर चौक पर जमा हो रहा है। परिणामस्वरूप सड़क पर कीचड़ और फिसलन बढ़ गई है, जिससे हादसों की आशंका बनी हुई है। स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों ने इस पर नाराजगी जताई है और जल्द सुधार की मांग की है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर आर.के. रात्रे ने कहा, “जलभराव की समस्या को देखते हुए वहां सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। यदि नालियों का पानी सड़क पर आ रहा है तो हम इसकी जांच कर जल्द स्थायी समाधान निकालेंगे, ताकि लोगों को परेशानी न हो।”
फिलहाल तारबाहर चौक पर बनी यह ऊंची सड़क विभागीय लापरवाही का उदाहरण बन गई है और लोगों को राहत मिलने का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!