मुंगेली में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए कैशलेस उपचार योजना 2025 पर कार्यशाला आयोजित

आकाश मिश्रा


मुंगेली। सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को त्वरित और नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यालय वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली के तत्वावधान में iRAD एवं eDAR के साथ कैशलेस उपचार योजना 2025 को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में आयोजित की गई। इसमें रायपुर से आए NIC के तकनीकी डायरेक्टर श्री अरविंद यादव एवं SRM नवा रायपुर श्री सारांश सिरके मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सड़क दुर्घटना के बाद पीड़ितों के त्वरित उपचार के लिए iRAD, eDAR एवं TMS जैसे ऑनलाइन एप्लिकेशन के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।
कार्यशाला में बताया गया कि केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा शुरू की जा रही कैशलेस उपचार योजना 2025 के तहत सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना के बाद 07 दिनों तक अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक का नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए दुर्घटना की सूचना 24 घंटे के भीतर अस्पताल को देना अनिवार्य होगा तथा उपचार राशि की प्रतिपूर्ति मोटर वाहन दुर्घटना निधि (Motor Vehicle Accident Fund) से की जाएगी।


मुख्य वक्ताओं ने कहा कि योजना का उद्देश्य गोल्डन ऑवर में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित कर सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करना है। इसके लिए पुलिस, स्वास्थ्य एवं परिवहन विभाग के बीच आपसी समन्वय अत्यंत आवश्यक है।
कार्यशाला में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री मयंक तिवारी, जिला परिवहन अधिकारी श्री असीम माथुर, सीएमएचओ मुंगेली सुश्री शीला शाहा, जिले के समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, सभी थाना एवं चौकी प्रभारी, जिले में संचालित निजी अस्पतालों के डायरेक्टर तथा पुलिस विभाग के विवेचना अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!