

बिलासपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार चाकू भी जब्त किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि मछली मार्केट, शनिचरी बाजार के पास आम रोड में एक युवक धारदार हथियार लहराकर आने-जाने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही मामले से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गगन कुमार (भा.पु.से.) को अवगत कराया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और आरोपी शुभम कुशवाहा पिता अमित कुशवाहा, उम्र 22 वर्ष, निवासी मनोहर लाज के पास, शनिचरी बाजार, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। आरोपी का कृत्य आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक शांति भंग करने और आमजन में भय फैलाने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
