

मुंगेली, 28 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत थाना जरहागांव पुलिस ने गांजे की अवैध खेती करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 3.650 किलोग्राम वजन के तीन हरे गांजे के पौधे, जिनकी अनुमानित कीमत 15 हजार रुपये है, जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
27 जून को थाना जरहागांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अमोरा में मनियारी नदी किनारे स्थित एक सब्जी बाड़ी में अवैध रूप से गांजे की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां तीन हरे गांजे के पौधे लगे मिले।

पूछताछ में आरोपी भैयालाल धुरी (60 वर्ष), निवासी ग्राम अमोरा, थाना जरहागांव द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर पुलिस ने तीनों पौधों को जड़ सहित उखाड़कर जब्त कर लिया। जब्त गांजे का कुल वजन 3.650 किलोग्राम पाया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 98/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ए) के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक शोभा यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्षा वर्मा, प्रधान आरक्षक महेश राज तथा आरक्षक भुवन चतुर्वेदी, पेखन गेंदले, बसंत पैकरा और उमेश सोनवानी की सराहनीय भूमिका रही।
