

मुंगेली, 30 जून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पथरिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोटर पंप चोरी के मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया मोटर पंप, केबल वायर एवं प्लास्टिक पाइप बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम रोहराकला निवासी शत्रुघ्न प्रसाद साहू ने थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम जरेली के नलकूप मोहल्ले में पेयजल व्यवस्था के लिए लगाए गए बोर पंप से करीब 130 फीट केबल वायर, 13 नग प्लास्टिक पाइप और 1 एच.पी. मोटर पंप, जिसकी कुल कीमत लगभग 14 हजार रुपये है, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत धारा 303(2) एवं 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा तथा एसडीओपी हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी का मोटर पंप और केबल बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम जरेली निवासी योगेश साहू (21 वर्ष) और निखिल सिगरौल (23 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया 1 एच.पी. मोटर पंप, केबल वायर और 12 नग प्लास्टिक पाइप बरामद कर जब्त कर लिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर 29 जून 2026 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पथरिया उप निरीक्षक गिरजाशंकर यादव, प्रधान आरक्षक वीरभद्र सिंह, आरक्षक हलीश गेंदले, स्वारथ ध्रुव एवं राजतिलक बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
