आशीर्वाद वैली में मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा निकली


बिलासपुर। आशीर्वाद वैली कॉलोनी में मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह का शुभारंभ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर सुबह 10 बजे बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मंदिर प्रांगण में एकत्रित हुए और धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई।
कलश यात्रा में शामिल श्रद्धालु पारंपरिक पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश लेकर गाजे-बाजे के साथ जयकारे लगाते हुए कॉलोनी के मुख्य द्वार तक पहुँचे। वहाँ पंडितों द्वारा पवित्र नदियों से लाए गए जल की विधिवत पूजा-अर्चना की गई, जिसके पश्चात कलशों में पवित्र जल भरा गया।
इसके बाद कलश यात्रा कॉलोनी के मुख्य द्वार से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग, मंदिर गार्डन होते हुए सी-टाइप मुख्य मार्ग के अंतिम छोर तक पहुँची और पुनः भ्रमण करते हुए मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। यात्रा के समापन पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-पाठ कर कलशों को मुख्य वेदी के समीप स्थापित किया गया।


इस धार्मिक आयोजन में कॉलोनी के पुरुषों, महिलाओं एवं युवाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम के अंत में महिला मंडली द्वारा महाप्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन को सफल बनाने में श्री जे. एस. ठाकुर परिवार द्वारा तन-मन-धन से दिए गए सहयोग की कॉलोनीवासियों ने सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन ने कॉलोनी में धार्मिक समरसता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!