
यूनुस मेमन

रतनपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के नवागांव महुआ डबरी के पास रविवार देर रात खुटाघाट डैम में चौकीदारी करने जा रहे एक चौकीदार की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है तथा कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक तिरिथ राम यादव (50 वर्ष), पिता जीवन लाल यादव, निवासी कर्रा तथा उनके साथी श्याम सिंह पोर्ते (40 वर्ष), पिता बहोरिक सिंह, निवासी मेलनाडीह रविवार रात करीब 9 बजे बाइक से खुटाघाट डैम में चौकीदारी की ड्यूटी के लिए निकले थे। डैम के पास पहुंचते ही पीछे से आई एक स्कॉर्पियो में सवार 5 से 6 लोगों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर पड़े।
बताया जाता है कि स्कॉर्पियो से उतरे हमलावरों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान श्याम सिंह पोर्ते किसी तरह मौके से भागने में सफल रहे, जबकि तिरिथ राम यादव खेत की ओर भागे। हमलावरों ने उनका पीछा कर खेत में पकड़ लिया और बेरहमी से लाठी-डंडों से पीट दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद श्याम सिंह पोर्ते अपने घर पहुंचे और परिजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन रतनपुर थाना पहुंचे। रात में पुलिस ने घटनास्थल पर तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण शव नहीं मिल सका। सोमवार सुबह खेत में तिरिथ राम यादव का शव बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ दिन पहले खुटाघाट डैम में मछली पकड़ने को लेकर चौकीदारों और कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। उस समय चौकीदारों द्वारा मछली पकड़ने से मना करने पर उनका मोबाइल भी तोड़ दिया गया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है तथा अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले में पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।,
