
बिलासपुर। तोरवा क्षेत्र के तीन भाइयों के साथ ग्राम बिनौरी में मारपीट कर नकदी और मोबाइल फोन लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट और लूट का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, तोरवा निवासी कॉलेज छात्र पीयूष गंगवानी (21) ने बताया कि 9 जुलाई की शाम बड़े भाई संदीप गंगवानी के साले राजू के सड़क हादसे की सूचना मिलने पर वह अपने भाइयों संदीप और संस्कार गंगवानी के साथ पचपेड़ी जा रहे थे। रात करीब 8.05 बजे ग्राम बिनौरी में एक दुकान के पास रुककर वे थाना पचपेड़ी का रास्ता पूछ रहे थे।
इसी दौरान लिकू मधुकर, नरेंद्र मोटवानी और उनके अन्य साथियों ने कथित तौर पर तीनों भाइयों पर हमला कर दिया। बेल्ट और घूंसों से की गई मारपीट में पीयूष के सिर और कान के पास, संदीप के हाथ, कमर और पीठ तथा संस्कार के कान के पास चोटें आईं।
पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट के दौरान संदीप की जेब से 2 हजार रुपये और मोबाइल फोन, जबकि संस्कार की जेब से 150 रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया गया। घटना के बाद डायल-112 को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
