
बिलासपुर। पत्नी के चरित्र पर संदेह कर उसके साथ मारपीट करने और गर्म इस्त्री (प्रेस) से हमला करने के आरोप में पुलिस ने पति के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, जूना बिलासपुर निवासी महिला सदर बाजार स्थित एक साड़ी सेंटर में खाना बनाने का काम करती है। महिला ने शिकायत में बताया कि उसका पति अक्सर उसके चरित्र पर संदेह करता है और उसे वहां काम करने से मना करता है।
शिकायत के मुताबिक, 8 जुलाई की शाम करीब 7 बजे काम से घर लौटने पर इसी बात को लेकर पति ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट करने लगा।
महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने गर्म लोहे की प्रेस उठाकर उसके शरीर पर हमला कर दिया, जिससे वह झुलस गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
