
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) द्वारा रविवार, 12 जुलाई को सूबेदार, उपनिरीक्षक एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा-2024 का आयोजन किया जाएगा। बिलासपुर जिले में परीक्षा के लिए 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की है।
पुलिस के अनुसार परीक्षा में बिलासपुर सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और उनके अभिभावक शहर पहुंचेंगे। इसे देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ यातायात को सुचारु रखने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस एवं यातायात कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
प्रशासन ने परीक्षा के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई है। यातायात दबाव बढ़ने की स्थिति में आवश्यकतानुसार प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन भी किया जा सकेगा। रेलवे ओवरब्रिज, पुल-पुलिया, संकरे मार्ग, शॉपिंग मॉल, शहर के प्रवेश एवं निकास मार्गों सहित अन्य व्यस्त क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि सुबह परीक्षा शुरू होने से पहले और दोपहर परीक्षा समाप्त होने के बाद शहर में यातायात का दबाव अधिक रहेगा। ऐसे में यदि संभव हो तो अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए शहर के बाहरी या वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
