
बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाकर चोरी एवं चोरी के प्रयास के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया स्टेबलाइजर, राउटर, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा बैंक की दीवार, एटीएम और लॉकर तोड़ने में इस्तेमाल किए गए गैंती और टंगिया जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को बेलतरा ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई की शाम बैंक बंद कर सभी कर्मचारी अपने घर चले गए थे। सोमवार सुबह बैंक खोलने पर कर्मचारियों ने देखा कि बैंक की पिछली दीवार में सेंध लगी हुई है। सूचना मिलने पर शाखा प्रबंधक मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई।
जांच में पता चला कि अज्ञात चोर बैंक में लगा राउटर और बैंक परिसर के बाहर लगा स्टेबलाइजर चोरी कर ले गए थे। वहीं बैंक के लॉकर और एटीएम को गैंती एवं टंगिया से तोड़कर चोरी का प्रयास भी किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। उनके निर्देश पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। जांच के दौरान संदेही सुमेष कश्यप उर्फ सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया स्टेबलाइजर और राउटर, वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, गैंती और टंगिया बरामद कर ली। इसके बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुमेष कश्यप उर्फ सोनू (29), सूरज कुमार विश्वकर्मा (26), नवीन कुमार बैसवाड़े (28), खिकराम खैरवार उर्फ विक्की (25) तथा प्रकाश यादव उर्फ बौना (19) शामिल हैं। सभी आरोपी रतनपुर थाना क्षेत्र के नेवसा और गिधौरी गांव के निवासी हैं।
पूरे मामले की कार्रवाई थाना प्रभारी के नेतृत्व में की गई। जांच और गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक , सहायक उपनिरीक्षक तथा पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
