
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक में रविवार देर रात चोरों ने दूसरी बार सेंधमारी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। बदमाश बैंक की पिछली दीवार तोड़कर अंदर घुसे, एटीएम में जमकर तोड़फोड़ की और सीसीटीवी सिस्टम से भी छेड़छाड़ की। हालांकि वे लॉकर तक नहीं पहुंच सके, जिससे बैंक में रखी करीब 5 से 7 लाख रुपये की नकदी सुरक्षित बच गई। जाते समय चोर बैंक का महत्वपूर्ण सिस्को नेटवर्क स्विच निकालकर ले गए।
सोमवार सुबह बैंक खुलने पर घटना की जानकारी मिली। सूचना पर रतनपुर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर फिंगरप्रिंट समेत अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरों ने बैंक के सीसीटीवी सिस्टम से भी छेड़छाड़ की थी।
पुलिस के अनुसार डीवीआर और आसपास लगे कैमरों की फुटेज में रात करीब 11 बजे से 2 बजे के बीच दो संदिग्ध बैंक परिसर में दिखाई दिए हैं। हालांकि उनके चेहरे स्पष्ट नहीं होने से पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने वारदात से पहले बैंक की रेकी की थी और सुनसान रात का फायदा उठाकर चोरी का प्रयास किया।
एएसपी ग्रामीण मधुलिका सिंह ने बताया कि बैंक की पिछली दीवार में सेंध लगाने और एटीएम में तोड़फोड़ की पुष्टि हुई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
बैंकिंग नेटवर्क की जानकारी रखने वालों पर भी शक
जांच में सामने आया है कि बदमाश बैंक का सिस्को नेटवर्क स्विच भी निकालकर ले गए। यह डिवाइस बैंक के सर्वर को अन्य कंप्यूटर सिस्टम से जोड़ने का काम करता है और इसके माध्यम से 20 से 25 कंप्यूटर नेटवर्क से जुड़े रहते हैं। केवल इसी महत्वपूर्ण नेटवर्क डिवाइस को निशाना बनाए जाने से पुलिस को आशंका है कि वारदात में बैंकिंग नेटवर्क और तकनीकी प्रणाली की जानकारी रखने वाले व्यक्ति की भूमिका हो सकती है। इस पहलू पर भी जांच की जा रही है।
एक साल पहले भी हुई थी सेंधमारी
बेलतरा के इसी ग्रामीण बैंक में 21 मई 2024 को भी सेंधमारी हुई थी। उस समय भी चोर लॉकर नहीं तोड़ सके थे और खाली हाथ लौट गए थे। उस मामले के आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। लगातार दूसरी बार हुई सेंधमारी ने बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
