

बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नवनियुक्त बिलासपुर ग्रामीण सह-प्रभारी प्रियंका गिरी ने नवीन दायित्व मिलने के बाद बहतराई स्थित भाजपा ग्रामीण कार्यालय में आयोजित अपने प्रथम संगठनात्मक कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर महिला मोर्चा की पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए पुष्पगुच्छ और पटका भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पांडे की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री एवं डिजिटल महाप्रशिक्षण अभियान की प्रभारी संतोषी सिंह दीवान, जिला अध्यक्ष श्रीमती गायत्री साहू सहित बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

सम्मान से अभिभूत प्रियंका गिरी ने कहा कि उन्हें मिला यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि संगठन के प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता की निष्ठा, सेवा और विश्वास का सम्मान है। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने जिस विश्वास के साथ उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, मातृशक्ति को संगठित एवं सशक्त बनाने तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए वे पूरी ऊर्जा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेंगी। उन्होंने जिला अध्यक्ष श्रीमती गायत्री साहू, प्रदेश मंत्री संतोषी सिंह दीवान तथा बिलासपुर ग्रामीण महिला मोर्चा की समस्त बहनों द्वारा दिए गए आत्मीय सम्मान और स्नेह के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।

अपने संबोधन में प्रियंका गिरी ने महिला कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे हर परिस्थिति में संगठन की प्रत्येक बहन के साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने कहा कि महिला कार्यकर्ताओं के सुख-दुख और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगी तथा आवश्यक होने पर वरिष्ठ पदाधिकारियों के समक्ष भी उनकी बात पूरी मजबूती से रखेंगी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि भले ही आगामी चुनाव में अभी समय शेष हो, लेकिन भारतीय जनता पार्टी सदैव चुनावी नहीं बल्कि जनसेवा के भाव से निरंतर सक्रिय रहने वाला संगठन है। प्रत्येक कार्यकर्ता को लगातार जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और सेवा कार्यों के माध्यम से संगठन को और अधिक मजबूत बनाना होगा।

कार्यक्रम के दौरान महिला कार्यकर्ताओं में नए दायित्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। सभी ने प्रियंका गिरी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प को दोहराया।
