
यूनुस मेमन

रतनपुर। नगर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बिगड़ती विद्युत व्यवस्था के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रतनपुर ने बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर उप अभियंता को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस पदाधिकारियों ने जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि मानसून पूर्व मेंटेनेंस के नाम पर दिनभर बिजली बंद रखकर कार्य किया गया था, लेकिन इसके बाद भी बारिश के शुरुआती दिनों में हल्की आंधी-तूफान के दौरान कई घंटों तक रतनपुर नगर अंधेरे में रहा। बार-बार बिजली गुल होने से आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि रतनपुर नगर में अलग-अलग स्थानों पर सब स्टेशन होने के बावजूद विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हो पा रहा है। उन्होंने रेस्ट हाउस में बने सब स्टेशन की जांच कराने की मांग भी की। कांग्रेस का आरोप है कि नए सब स्टेशन में बार-बार फॉल्ट आ रहा है और वहां लगे उपकरणों की स्थिति की जांच जरूरी है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाकर व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में शीतल जायसवाल, पार्षद संटी अग्रवाल, पार्षद रामफल श्रीवास, संतोष सोनी, अभिषेक मिश्रा, सुधीर दुबे, रियाज खोखर, जितेंद्र कश्यप सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।,
