

बिलासपुर। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को 13 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 2,600 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक (कोतवाली) गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस ने मंगलवार को ग्राम लोफंदी में कार्रवाई की।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि धनुहार पारा निवासी चंद्रिका धनुहार (40 वर्ष) अपने घर के पास कच्ची महुआ शराब बिक्री के लिए रखी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां से 13 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई।
पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज किया। गिरफ्तार महिला को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
