

बिलासपुर। बिलासपुर रेंज पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय में मंगलवार को उप निरीक्षक रामकुमार पटेल और प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री के सेवानिवृत्ति पर गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। आईजी राम गोपाल गर्ग ने दोनों अधिकारियों के लंबे, अनुशासित और उत्कृष्ट सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें श्रीफल, पुष्पगुच्छ और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।
उप निरीक्षक रामकुमार पटेल ने मार्च 1984 में बिलासपुर जिले में आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा शुरू की थी। सेवाकाल के दौरान वे प्रधान आरक्षक, सहायक उप निरीक्षक और बाद में उप निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए। उन्होंने जांजगीर, कवर्धा और कोरबा सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं तथा वर्ष 2023 से आईजी कार्यालय में रीडर के रूप में कार्यरत थे। अपने पूरे करियर में उन्हें 300 से अधिक पुरस्कार प्राप्त हुए और उनके खिलाफ कभी कोई विभागीय सजा दर्ज नहीं हुई।

वहीं प्रधान आरक्षक विरेन्द्र कुमार शास्त्री ने 3 फरवरी 1994 को चालक के रूप में पुलिस विभाग में सेवा शुरू की थी। वर्ष 2016 में उन्हें प्रधान आरक्षक पद पर पदोन्नत किया गया। उन्होंने मुंगेली और गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (जीपीएम) सहित विभिन्न जिलों में सेवाएं दीं तथा वर्ष 2021 से आईजी कार्यालय में पदस्थ थे।
समारोह को संबोधित करते हुए आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि दोनों अधिकारियों का समर्पण, अनुशासन और कार्यशैली पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी विभाग को आवश्यकता पड़ने पर उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ लिया जाएगा।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक विवेक शर्मा, निरीक्षक अशोक वैष्णव, निरीक्षक सरिता तिवारी तथा प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश मिश्रा ने भी दोनों अधिकारियों के सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
सेवानिवृत्त अधिकारियों ने सम्मान के लिए आईजी और कार्यालय के समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर वे सहयोग के लिए सदैव उपलब्ध रहेंगे।
समारोह के अंत में आईजी राम गोपाल गर्ग ने विशेष वाहन से दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को उनके घर के लिए रवाना किया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य लिपिक संजय रावत ने किया।
