
यूनुस मेमन

रतनपुर। बकरा-बकरी चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का रतनपुर पुलिस और साइबर सेल बिलासपुर की संयुक्त टीम ने पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए बकरा-बकरी की बिक्री रकम 1 लाख 50 हजार रुपए एवं घटना में प्रयुक्त महिंद्रा स्कार्पियो वाहन जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम चकराभाठा निवासी समन सिंह पैकरा ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उसके घर के कोठे की दीवार तोड़कर 4 नग बकरा और 15 नग बकरी चोरी कर ली है। मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान रतनपुर पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे स्कार्पियो वाहन से आसपास के गांवों में खेत समतलीकरण का काम मांगने के बहाने जाते थे और बकरा-बकरी की रेकी कर चोरी करते थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चकराभाठा से चोरी किए गए 19 नग बकरा-बकरी को 1 लाख 75 हजार रुपए में बेचने तथा 25 हजार रुपए खर्च करना बताया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 50 हजार रुपए नगद एवं चोरी में प्रयुक्त स्कार्पियो वाहन जब्त कर सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने पाली थाना क्षेत्र एवं सीपत थाना क्षेत्र से भी बकरा-बकरी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। इन मामलों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में बबलू खान, अमूर खान, अमीन खान, हबीम खान, शाहरूख खान एवं मोहम्मद अच्छन शामिल हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, सैय्यद अकबर अली, आकाश डोंगरे, देवानंद चंद्राकर, पवन ठाकुर, हरनारायण नेटी सहित साइबर सेल टीम का विशेष योगदान रहा।
