
शशि मिश्रा

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सोमवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के रेलवे ओवरब्रिज क्रॉसिंग के नीचे दिनदहाड़े एक हमाल की बेरहमी से डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज घटना का कथित लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है।
मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है, जो हमाली का काम करता था। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर वह रेलवे ओवरब्रिज के नीचे बने चबूतरे पर सो रहा था। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और उसके सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुबह मृतक का उसी क्षेत्र में रहने वाले एक अन्य हमाल से किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। स्थानीय लोगों ने उस समय दोनों के बीच हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था। हालांकि आरोपी ने विवाद की रंजिश मन में रखते हुए दोपहर में सो रहे राजेश पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी एम.बी. पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सामने आए वीडियो के आधार पर भी जांच की जा रही है।
दिनदहाड़े सार्वजनिक स्थान पर हुई इस निर्मम हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
