कोरबा में हाई वोल्टेज ड्रामा: पानी टंकी पर चढ़े दो युवक, पुलिस पर लगाए आरोप, जांच में सामने आई दूसरी कहानी

शशि

कोरबा/हरदी बाजार। कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नेवसा में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो युवक गांव की ऊंची पानी टंकी पर चढ़ गए और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए न्याय की मांग करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, मोहम्मद रफीक और दीपेश निर्मलकर नामक दोनों युवकों ने टंकी पर चढ़ने से पहले एक वीडियो जारी किया, जिसमें उन्होंने पुलिस पर मारपीट करने और जमानत के नाम पर पैसे लेने जैसे गंभीर आरोप लगाए। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया।

हालांकि मामले में जांच के दौरान दूसरा पक्ष भी सामने आया है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, घटना के समय दोनों युवक कथित रूप से शराब के नशे में थे। यह भी जानकारी मिली है कि वे जुए से जुड़े पैसों के लेन-देन के सिलसिले में जा रहे थे। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिसके चलते पूछताछ और कार्रवाई के डर से दोनों युवकों ने पानी टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया।

घटना के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश देकर दोनों युवकों को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उनसे पूछताछ की गई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवकों द्वारा लगाए गए आरोपों और सामने आए तथ्यों की सत्यता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!