

पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने दो युवकों को पहले तो पिकअप से कुचलने का प्रयास किया फिर उसके बाद पाइप और डंडे से दौड़ा-दौड़ा कर जमकर पीटा , जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती किया गया है। पूरी घटना का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश कर रही है।
घटना सरकंडा थाना क्षेत्र अपोलो अस्पताल के पास का बताया जा रहा है। लिंगियाडीह का रहने वाला निखिल ध्रुव दूध बांटने का काम करता है , जिसने पुलिस को बताया कि 26 जून की रात करीब 11:00 बजे वह अपने घर की छत पर खड़ा था । उसके दोस्त आदित्य महंत और रवि गंधर्व अपोलो चौक के पास दिलीप पाटिल के घर के सामने खड़े थे। इस दौरान चिंगराजपारा की ओर से आई एक तेज रफ्तार पिकअप ने आदित्य महंत और रवि गंधर्व को टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए । पिक अप से उतरते ही बांड्या, बउआ और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर दोनों से गाली गलौज और मारपीट शुरू कर दी। इन लोगों ने दौड़ा-दौड़ा कर दोनों को पीटा। इसी दौरान अमन नायडू भी कार से मौके पर पहुंच गया। उसने अपने साथियों के साथ आदित्य महंत उर्फ रिंकू और रवि गंधर्व को जान से करने का प्रयास किया। आरोपियों ने प्लास्टिक पाइप और लकड़ी से दोनों की पिटाई की। बाद में लोगों ने घायलों को सिम्स पहुंचाया। निखिल, राकेश के साथ थाने पहुंचा और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस बांड्या, बउआ, अमन नायडू और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। इधर सीसीटीवी फुटेज में 8 से 10 बदमाश हमला करते नजर आ रहे हैं । पुलिस ने नाबालिग समय पांच लोगों को इस मामले में गिरफ्तार किया है। शेष बदमाशों की तलाश की जा रही है।
