फेसबुक मैसेंजर पर जनपद उपाध्यक्ष को दी जान से मारने की धमकी, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

बिलासपुर। मस्तूरी जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष को फेसबुक और मैसेंजर के जरिए अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद मस्तूरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम मस्तूरी निवासी नितेश सिंह (35) वर्तमान में जनपद पंचायत मस्तूरी के उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 मई को उनकी शादी की सालगिरह थी, जिस पर दोस्तों और रिश्तेदारों ने फेसबुक पर पोस्ट कर उन्हें शुभकामनाएं दी थीं।

पीड़ित के मुताबिक 17 मई की दोपहर करीब 3 बजे वे घर पर मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान उन्होंने देखा कि प्रियांशु सिंह नाम की फेसबुक आईडी (@priyanshu.singh.92116) से उन्हें मैसेज भेजा गया है। आरोपी ने मैसेंजर और फेसबुक वॉल के जरिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए लिखा— “नितेश सिंह ठाकुर सुन, तेरे अंदर हिम्मत है तो मेरे को गोली मार के दिखा।”

जनपद उपाध्यक्ष का कहना है कि आरोपी ने सार्वजनिक रूप से उन्हें अपराध करने के लिए उकसाने और जान से मारने की धमकी दी। हालांकि उन्होंने मैसेज का कोई जवाब नहीं दिया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने मित्र राजा सिंह को दी।

मामले की शिकायत मिलने के बाद मस्तूरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फेसबुक आईडी और मैसेज की जांच कर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!