

ग्रामीण क्षेत्रों में नाबालिग प्रेमिकाओं को भगाने का बड़ा पुराना चलन है । ऐसे ही गुम बालिकाओं की तलाश मुंगेली पुलिस ऑपरेशन मुस्कान के तहत कर रही है , जिसमें उन्हें बड़ी सफलता मिली है ।

जरहा गांव निवासी व्यक्ति 24 अप्रैल की सुबह मजदूरी करने गया था, शाम को घर लौटा तो पाया कि उसकी नाबालिग बेटी गायब है। आसपास और रिश्तेदारों में पता करने पर भी उसकी कोई जानकारी नहीं मिली तो इसकी सूचना जरहा गांव थाने में दी गई। पुलिस को मुखबिर से जानकारी मिली कि नाबालिग लड़की तखतपुर निवासी विनय सिंह ठाकुर के साथ भागी है । इसके बाद से पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। मोबाइल सर्विलांस से जानकारी मिली कि दोनों हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में मौजूद है, जहां पुलिस की एक टीम पहुंची तो टिकरीपारा तखतपुर निवासी विनय सिंह ठाकुर के कब्जे से नाबालिग बरामद हुई। पता चला कि शादी का झांसा देकर वह लगातार किशोरी के साथ शारीरिक संबंध बना रहा था , इसलिए उसके खिलाफ अपहरण बलात्कार और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर 19 वर्षीय विनय सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया.

इसी तरह की घटना चौकी डिंडोरी थाना चिल्फी में भी हुई ।13 मई को क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग किशोरी अपने प्रेमी के साथ भाग गई। ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की तो पता चला कि दोनों ग्राम लीलापुर में छुपे हुए हैं, जहां से पुलिस ने लीलापुर चौकी डिंडोरी निवासी 20 वर्षीय दुर्गेश साहू उर्फ सुनील के कब्जे से नाबालिग को बरामद किया । उसने भी अपनी प्रेमिका के साथ शारीरिक संबंध बनाने में कोई कोताही नहीं की थी, इसलिए उसके खिलाफ भी बलात्कार, अपहरण, पोक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया और नाबालिग लड़की को परिवार के सुपुर्द किया गया है।
