

पथरिया में रहने वाली नाबालिग लड़की हर रात की तरह 10 अप्रैल की रात भी खाना खाने के बाद परिवार के साथ घर पर सो रही थी। सुबह जब परिवार के अन्य सदस्य उठे तो देखा कि उनकी नाबालिग बेटी घर पर नहीं है। पहले तो उन्होंने आसपास ढूंढा, फिर रिश्तेदारों में उसकी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। फिर जानकारी मिली कि किसी युवक के साथ उसका कथित प्रेम संबंध था। उसी युवक द्वारा बहलाफुसला कर उसे भगा ले जाने की रिपोर्ट पथरिया थाने में दर्ज कराई गई।
पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत नाबालिग किशोरी की तलाश शुरू की। इसी बीच मुखबिर और मोबाइल सर्विलांस की मदद से यह जानकारी मिली कि गायब नाबालिग लड़की पीपर लोड। थाना सरगांव में रहने वाले हिमेश धृतलहरे के साथ रायपुर में है। पुलिस की एक टीम रायपुर पहुंची, जहां आरोपी हिमेश धृतलहरे के साथ लड़की बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि हिमेश लड़की को शादी का झांसा देकर अपने साथ भाग कर लाया था और उसका दैहिक शोषण कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार, अपहरण और पोक्सो एक्ट की धारा के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है, वहीं नाबालिग किशोरी को उसके परिवार के सुपुर्द किया गया है।
