
बिलासपुर। खेत समतलीकरण कराने का झांसा देकर एक किसान से 9 लाख रुपये की धोखाधड़ी और जबरन वसूली करने के मामले में कोटा पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी पहले से रतनपुर थाना क्षेत्र में दर्ज बकरी चोरी के एक मामले में गिरफ्तार थे। पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर इस मामले का खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार श्रीपारा निवासी रामनारायण पोर्ते ने 23 जून 2026 को कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ अज्ञात लोगों ने खेत समतलीकरण कराने का भरोसा दिलाकर उससे 9 लाख रुपये ठग लिए और बाद में फरार हो गए। शिकायत पर अपराध क्रमांक 524/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पता चला कि इस मामले से जुड़े आरोपी रतनपुर थाना के एक अन्य प्रकरण में पहले से गिरफ्तार हैं। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी ने धोखाधड़ी की वारदात स्वीकार कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों में बबलू खान (57), अमूर खान (66), अमीन खान (41), हबीब खान (35), शाहरुख खान (22) निवासी उमरिया, थाना गोराबाजार, जिला जबलपुर (मध्य प्रदेश) तथा मोहम्मद अच्छन (33) निवासी रजकपुर, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने मामले में ठगी से संबंधित 9 लाख रुपये जब्त करने की भी जानकारी दी है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, सहायक उपनिरीक्षक गोपाल खांडेकर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव तथा आरक्षक अनिल साहू, शैलेन्द्र साहू और सुनील पटेल की विशेष भूमिका रही।
