

बिलासपुर। बिल्हा पुलिस ने वाहनों पर ईंट-पत्थर फेंककर गंभीर हादसा करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में एक माजदा चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई थी, जबकि स्कॉर्पियो में सवार दूल्हा और बारातियों को गंभीर चोटें आई थीं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, ईंट और पत्थर जब्त कर दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में पंकज कुमार ध्रुव (21) निवासी नयापारा वार्ड क्रमांक 16 टेंगा थाना नगरी जिला धमतरी तथा मोहन निषाद (30) निवासी कोहरौदा थाना बिल्हा शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार बलौदाबाजार निवासी अनवर अली ने 20 अप्रैल 2026 को थाना बिल्हा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम झाल मेन रोड पर रात करीब एक बजे अज्ञात व्यक्तियों ने ट्रक, पीछे आ रही मेटाडोर और बरतोरी के आगे मुख्य मार्ग पर स्कॉर्पियो वाहन पर ईंट फेंकी। इससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गए। हादसे में माजदा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं स्कॉर्पियो में सवार दूल्हा और बारातियों को भी गंभीर चोटें आईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के 40 से 50 सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को मोटरसाइकिल सवार दो युवकों के संबंध में सूचना मिली। पुलिस ने दोनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना स्वीकार कर ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पंकज कुमार ध्रुव अपनी प्रेमिका से मिलने बिल्हा आया हुआ था। इसी दौरान मोटरसाइकिल में पीछे बैठे आरोपी द्वारा गुजरते वाहनों पर ईंट और पत्थर फेंककर घटना को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, ईंट और पत्थर जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को 17 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
