मुंगेली पुलिस का ‘ऑपरेशन मुस्कान’ सफल: एक माह में 94 गुमशुदा लोगों को सकुशल बरामद


मुंगेली, 5 मई 2026।
जिला मुंगेली पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत बड़ी सफलता हासिल की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में अप्रैल माह के दौरान जिले में गुम हुए कुल 94 व्यक्तियों को सकुशल खोजकर उनके परिजनों को सौंपा गया।
इस अभियान के अंतर्गत 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक 29 बालिकाएं, 48 महिलाएं और 17 पुरुषों को दस्तयाब किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री हरविन्दर सिंह के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में विशेष टीमों का गठन कर सुनियोजित तरीके से खोजबीन की गई।
पुलिस टीमों ने गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए तकनीकी संसाधनों, मुखबिर तंत्र और अन्य राज्यों जैसे उत्तरप्रदेश, दिल्ली, तेलंगाना एवं हैदराबाद की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित किया। साथ ही बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सतत निगरानी रखी गई।
अभियान के सफल परिणामस्वरूप सभी 94 व्यक्तियों को सुरक्षित बरामद कर विधिवत प्रक्रिया पूरी करते हुए उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। अपने परिजनों को सकुशल वापस पाकर परिवारों में खुशी का माहौल है। कई परिजनों ने भावुक होकर मुंगेली पुलिस का आभार व्यक्त किया और पुलिस की संवेदनशीलता व तत्परता की सराहना की।
मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गुमशुदा व्यक्तियों और बच्चों की खोज के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। यह अभियान पुलिस की जनसेवा, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!