खुड़िया जंगल में जुए पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 9 जुआरी गिरफ्तार

मुंगेली, 14 जून। मुंगेली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत रविवार को खुड़िया क्षेत्र के जंगल में जुआ खेल रहे 9 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं फड़ से नगदी सहित कुल 7 लाख 33 हजार 500 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर असामाजिक तत्वों एवं जुआरियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर सेल और खुड़िया चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि खुड़िया के ग्राम झिरिया महुआमाचा जंगल में कुछ लोग रुपये-पैसों का दांव लगाकर काटपत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और 9 जुआरियों को जुआ खेलते हुए पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों में कबीरधाम, बिलासपुर और मुंगेली जिले के निवासी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 53 हजार 500 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, 8 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 2 लाख 40 हजार रुपये) तथा 9 मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 4 लाख 40 हजार रुपये) जब्त किए हैं। कुल जब्ती की अनुमानित कीमत 7 लाख 33 हजार 500 रुपये बताई गई है।

सभी आरोपियों के विरुद्ध जुआ एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। साथ ही धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तारी कर धारा 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हेतु न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सतेन्द्रपुरी गोस्वामी, खुड़िया चौकी प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक माधव टांडिया तथा साइबर सेल एवं चौकी स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मुंगेली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!