

बिलासपुर, 21 जून 2026/ 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा बिलासपुर द्वारा स्थानीय कंपनी गार्डन में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर एवं अध्यक्ष भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी श्री संजय अग्रवाल के निर्देशानुसार किया गया।
“करें योग, रहें निरोग” की अवधारणा को साकार करते हुए योग गुरु श्री अनिल तिवारी ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने के संबंध में जानकारी दी।

कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. बी.एल. गोयल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रबंध समिति के सदस्य श्री सुनील सोनथालिया शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति के सदस्य डॉ. राजीव अवस्थी ने की।
इस अवसर पर जिला समन्वयक रेडक्रॉस श्री सौरभ सक्सेना सहित रेडक्रॉस सोसाइटी के कर्मचारीगण एवं नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षण कार्यक्रम में श्री सुधीर गुप्ता, श्री लक्ष्मीनारायण मिश्रा, श्री मनीष मिश्रा, श्री सुशील राजपूत, श्री धरम साहू, श्री दिनेश राठौर, श्री जीत निर्मलकर तथा श्रीमती अंजू ठाकुर सहित अनेक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नियमित योगाभ्यास को स्वस्थ एवं निरोग जीवन की कुंजी बताया गया। उपस्थित लोगों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प भी लिया।
