हत्या करने के बाद पत्नी का कटा हुआ सर लेकर गांव भर में घूमता रहा सरफिरा पति


कोरबा। जिले के कोरबा के समीप स्थित बुंदेली गांव में बुधवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने नशे की हालत में अपनी पत्नी की हत्या कर दी और उसका कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई।


पुलिस के अनुसार घटना बालकोनगर थाना क्षेत्र के रजगामार चौकी अंतर्गत बुंदेली गांव की है। आरोपी सालिक राम यादव (45) एक पोल्ट्री फार्म में परिवार सहित रहकर काम करता था। बुधवार शाम करीब 6 बजे वह शराब के नशे में था और किसी बात को लेकर उसकी पत्नी चेच बाई से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि उसने मुर्गा काटने के लिए रखे कत्ता से पत्नी का गला काट दिया और सिर को धड़ से अलग कर दिया।


वारदात के बाद आरोपी एक हाथ में हथियार और दूसरे हाथ में पत्नी का कटा हुआ सिर लेकर गांव में घूमता रहा। इस भयावह दृश्य को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आरोपी नशे में खुद ही लोगों को घटना की जानकारी देता हुआ घूम रहा था।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद रजगामार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
स्थानीय जनप्रतिनिधि संजय कोसले के अनुसार आरोपी पिछले ढाई वर्षों से गांव के एक पोल्ट्री फार्म में कार्यरत था और अपने परिवार के साथ वहीं रहता था। उसके चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। शराब की लत के कारण वह अक्सर पत्नी से विवाद करता था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!